सोलन: जिला सोलन के अर्की उपमंडल के गांव मान के रहने वाले यमन सिंह पाल का भारतीय सेना में चयन हुआ है। वह अब 105 इन्फेंट्री बटालियन राजपूताना राइफल रेजीमेंट का हिस्सा होंगे। उनके चयन की खबर से पूरे इलाके में हर्षोल्लास का माहौल है।
यमन सिंह ने वर्ष 2018-19 में डीएवी स्कूल, सोलन से 12वीं पास की थी। इसके बाद वर्ष 2022-23 में उन्होंने डिग्री कॉलेज, सोलन से स्नातक किया। शिक्षा के दौरान वे एक वरिष्ठ राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी भी रहे और दो राष्ट्रीय व आठ वरिष्ठ राज्य स्तरीय टूर्नामेंट में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
यमन सिंह के पिता नरेंद्र सिंह पाल हिमाचल प्रदेश पुलिस में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। बेटे के भारतीय सेना में चयन से उनका परिवार गर्व महसूस कर रहा है।
यमन सिंह के पिता ने कहा कि उनके बेटे ने भारतीय सेना में चयनित होकर पूरे परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। इस सफलता पर क्षेत्रवासियों और परिजनों ने यमन सिंह को बधाइयां दी हैं।