सोलन : तारकोल प्लांट के प्रदूषण से ग्रामीण परेशान, भारती पंचायत ने की स्थानांतरण की मांग

सोलन। ग्राम पंचायत भारती के रघोल और सेरी क्षेत्र में स्थापित तारकोल मिक्सिंग प्लांट से फैल रहे प्रदूषण को लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से निकलने वाले धुएं के कारण आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण बढ़ रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य और कृषि फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए ग्राम पंचायत ने प्लांट को आबादी से दूर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग उठाई है।
ग्राम पंचायत प्रधान प्रेम चंद की अध्यक्षता में 21 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की गई। बैठक में पंचायत सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर उपायुक्त सोलन से प्लांट को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करवाने का आग्रह किया।
पंचायत के अनुसार रघोल और सेरी गांव में निजी भूमि पर स्थापित इस प्लांट से निकलने वाले धुएं के कारण आसपास के ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा खेतों में खड़ी फसलों पर भी प्रदूषण के दुष्प्रभाव की आशंका जताई गई है।
पंचायत ने प्लांट के समीप स्थित प्राथमिक पाठशाला और आंगनबाड़ी में आने वाले बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता व्यक्त की है। पंचायत का कहना है कि प्रदूषण के बीच बच्चों का रहना उनके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन को जल्द उचित कदम उठाने चाहिए। पंचायत ने उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप कर प्लांट को दूसरी जगह स्थानांतरित करवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *