सोलन के कूडो खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लहराया परचम, 54 खिलाड़ियों ने जीते 79 पदक

सोलन। खेलों के क्षेत्र में सोलन सहित हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अहमदाबाद में आयोजित तीन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश के 54 खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 79 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से प्रदेश का गौरव बढ़ा है। उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा और कूडो के चीफ कोच अजय कुमार जस्वाल ने खिलाड़ियों की इस सफलता पर खुशी जताते हुए इसे उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया।
उन्होंने बताया कि अहमदाबाद में आयोजित प्रतियोगिताओं में हिमाचल के खिलाड़ियों ने विभिन्न मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन किया। सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित की है। इस उपलब्धि से प्रदेश के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी मार्शल आर्ट और आत्मरक्षा के खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के लिए आगामी समय में भी कई महत्वपूर्ण अवसर उपलब्ध होंगे। जापान की राजधानी टोक्यो में आयोजित होने वाले वर्ल्ड कप के लिए चयन ट्रायल्स प्रस्तावित हैं। इन ट्रायल्स में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है। इसके लिए खिलाड़ियों को अभी से तैयारी और अभ्यास पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता और प्रशिक्षण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सोलन में 17 और 18 दिसंबर को विशेष जुजुत्सु प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में स्पेन से आने वाले प्रशिक्षक खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीकों और खेल की बारीकियों का प्रशिक्षण देंगे।
उपायुक्त और चीफ कोच ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों की क्षमता निखारने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *