सोलन। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशभर में निकाली जा रही सामाजिक समरसता यात्रा को लेकर राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने सोलन में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य संत रविदास जी के विचारों, सामाजिक समरसता, भाईचारे और सद्भावना के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सर्व समाज से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि यात्रा का शुभारंभ जून महीने में उत्तर प्रदेश स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली श्री गोवर्धनपुर से हुआ था। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कलश यात्रा का शुभारंभ किया था। उन्होंने बताया कि देश के आठ राज्यों में बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जबकि सात राज्यों में दीपोत्सव के कार्यक्रम भी हुए हैं।
उन्होंने बताया कि पद्मश्री से सम्मानित संत निरंजन जी के सानिध्य में यात्रा पंजाब में चार दिनों तक चली। इसके बाद चंडीगढ़ होते हुए यात्रा हिमाचल प्रदेश पहुंची है। हिमाचल के बाद यह उत्तराखंड और दिल्ली से होते हुए पुनः गुरु रविदास जी की जन्मस्थली श्री गोवर्धनपुर में संपन्न होगी।
सांसद ने कहा कि संत रविदास जी किसी एक वर्ग के नहीं, बल्कि पूरे समाज के पूजनीय हैं। उनके विचार आज भी सामाजिक एकता और समानता के लिए प्रासंगिक हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प सामाजिक समरसता और एकजुटता से ही पूरा होगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उनकी टीम, सभी राजनीतिक दलों और समाज के प्रत्येक वर्ग को यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि सभी का स्वागत किया जाएगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने संत रविदास, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संत कबीर को केवल वोट बैंक तक सीमित रखा है। वहीं, भाजपा उनके विचारों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है।
सोलन : संत रविदास की 650वीं जयंती पर निकली सामाजिक समरसता यात्रा, सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने सर्व समाज को दिया निमंत्रण