सोलन। शहर के शांति बाईपास मार्ग की खस्ताहाल स्थिति को सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। इस कार्य पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग का दावा है कि आगामी 15 दिनों के भीतर सड़क का सरफेस दुरुस्त कर दिया जाएगा, जिससे वाहन चालकों को आवाजाही में राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता इंजीनियर सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि शांति बाईपास सड़क को पिछले वर्ष बरसात के दौरान काफी नुकसान पहुंचा था। कई स्थानों पर सड़क धंसने के कारण इसकी स्थिति खराब हो गई थी। नुकसान के बाद से ही विभाग की ओर से मरम्मत का कार्य करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सड़क के खराब सरफेस को सुधारने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम ठेकेदार को आवंटित कर दिया गया है। मौके पर मरम्मत का कार्य भी शुरू हो चुका है। सड़क पर जरूरत के अनुसार लंबे पैच लगाए जाएंगे।
उन्होंने सड़क किनारे अवैध डंपिंग के मामले में बताया कि संबंधित स्थान को पहले ही साफ करवा दिया गया है। कुछ समय पहले अवैध रूप से मलबा डालने वाले दो से तीन लोगों को स्थानीय लोगों के सहयोग से पकड़ा गया था। इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को दी गई थी तथा संबंधित लोगों से जुर्माना भी वसूला गया। वर्तमान में वहां अवैध डंपिंग का कोई नया मामला सामने नहीं आया है।
सहायक अभियंता ने बताया कि मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी है। विभाग का प्रयास है कि निर्धारित समय में मरम्मत कार्य पूरा कर सड़क को बेहतर बनाया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।