सोलन। सर्दियों के मौसम में छोटे बच्चों को निमोनिया और छाती से संबंधित बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में 12 नवंबर से 28 फरवरी तक ‘सांस’ (SAANS) अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि अभियान का उद्देश्य छोटे बच्चों में निमोनिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय पर बीमारी की पहचान कर उचित उपचार सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत आशा वर्कर्स घर-घर जाकर छोटे बच्चों के अभिभावकों को निमोनिया के लक्षणों और बचाव के उपायों की जानकारी दे रही हैं। अभिभावकों से अपील की जा रही है कि बच्चे में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं।
डॉ. पाठक ने सर्दियों में बच्चों की देखभाल को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बीमार बच्चे को रोज नहलाना जरूरी नहीं है। ठंडी हवा चलने पर धूप में भी बच्चों को न नहलाएं। इसके अलावा बच्चों को पर्याप्त गर्म कपड़े पहनाएं और उनके पैरों को ठंड से बचाने के लिए जूते व जुराबों का इस्तेमाल करें।
उन्होंने बताया कि बच्चे की सांस तेज चलना, सांस लेते समय पसलियों का अंदर धंसना, नाक के छिद्रों का फूलना, अत्यधिक सुस्ती या चिड़चिड़ापन और दूध अथवा भोजन कम करना निमोनिया के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं।
सीएमओ ने अभिभावकों से अपील की कि इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें और तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर बच्चे का उपचार करवाएं। समय पर पहचान और उपचार से बच्चों को गंभीर स्थिति से बचाया जा सकता है।