सोलन के वार्ड नंबर तीन में बाल दिवस पर कार्यक्रम आयोजित, बच्चों को नशे से दूर रहने और मेहनत से पढ़ाई करने का दिया संदेश

सोलन। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर सोलन के वार्ड नंबर तीन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिव बेकर्स की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के साथ बाल दिवस की खुशियां साझा की गईं। कार्यक्रम में नगर निगम सोलन के उपमहापौर गौरव राजपूत और प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता एवं जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
इस दौरान अतिथियों ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू का बच्चों के प्रति विशेष लगाव था। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके बेहतर विकास से ही राष्ट्र को मजबूत बनाया जा सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा, संस्कार और सही मार्गदर्शन देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। आज के बच्चे ही भविष्य में देश की जिम्मेदारियां संभालेंगे। ऐसे में उन्हें बचपन से ही सकारात्मक सोच और अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित करना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया गया। अतिथियों ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को प्रभावित करता है, इसलिए बच्चों को अपने जीवन में शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन और मेहनत के साथ पढ़ाई करने तथा जीवन में एक बेहतर मुकाम हासिल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शिव बेकर्स के मुकेश के प्रयासों की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों के लिए प्रतिवर्ष इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करना सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजन बच्चों में उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें सामाजिक और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का काम करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *