सोलन अस्पताल रोड पर सीवरेज का गंदा पानी बना परेशानी, दुर्गंध से दुकानदारों और मरीजों का जीना मुहाल

सोलन। शहर के क्षेत्रीय अस्पताल रोड पर पिछले एक सप्ताह से सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर बहने से स्थानीय लोगों, दुकानदारों और अस्पताल आने वाले मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर फैले गंदे पानी और तेज दुर्गंध के कारण लोगों का यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद संबंधित विभागों और प्रशासन की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
अस्पताल रोड निवासी वीरेंद्र विग ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से सीवरेज का पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी एक-दो बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल का सीवरेज है और इसकी सफाई करवाना संबंधित ठेकेदार की जिम्मेदारी है।
कृष्णा मेडिकल में कार्यरत मधु शर्मा ने बताया कि पिछले पांच दिनों से दुकान के आसपास गंदा पानी बह रहा है। दवाइयां लेने के लिए यहां रोजाना मरीज और उनके परिजन पहुंचते हैं, लेकिन दुर्गंध के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। इससे दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों को भी दिक्कत हो रही है।
वहीं, स्टॉल संचालक अखिल भट्ट ने कहा कि बदबू इतनी अधिक है कि ग्राहक दुकानों पर रुकना पसंद नहीं कर रहे हैं। इससे उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम और अस्पताल प्रशासन एक-दूसरे की जिम्मेदारी बताकर समस्या से पल्ला झाड़ रहे हैं।
कारपेंटर विजय कुमार ने बताया कि यह समस्या दिवाली के दूसरे दिन से बनी हुई है। शिकायत के बावजूद सीवरेज की सफाई और मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ है।
स्थानीय दुकानदारों और निवासियों ने प्रशासन से जल्द सीवरेज की सफाई करवाने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि गंदगी और दुर्गंध से संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *