सोलन हेल्पिंग सोसाइटी ने लगाया रक्तदान शिविर, अब तक 68 हजार से अधिक लोगों तक पहुंचाई मदद

सोलन। सोलन हेल्पिंग सोसाइटी की ओर से शहर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के साथ जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए आगे आने का संदेश दिया गया। इस दौरान संस्था के मीडिया समन्वयक रोहित कश्यप ने सोसाइटी की सामाजिक गतिविधियों और अब तक किए गए सेवा कार्यों की जानकारी साझा की।
रोहित कश्यप ने बताया कि सोलन हेल्पिंग सोसाइटी वर्ष 2017 से लगातार समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और संकट के समय उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध करवाना है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा आयोजित विभिन्न रक्तदान अभियानों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से अब तक 68 हजार से अधिक लोगों तक मदद पहुंचाई जा चुकी है। संस्था भविष्य में भी इसी भावना के साथ समाज सेवा के कार्य जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन मिल सकता है। अस्पतालों में उपचाराधीन मरीजों को कई बार आपात स्थिति में रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से इस मुहिम का हिस्सा बनने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
शिविर में संस्था के सहभागी विजय भट्टी, रतन, नरेश और मीडिया समन्वयक रोहित कश्यप उपस्थित रहे। वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय शांडिल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस दौरान संस्था के सदस्यों ने कहा कि सोलन हेल्पिंग सोसाइटी रक्तदान के अलावा अन्य सामाजिक माध्यमों से भी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहती है। उन्होंने आम जनता से संस्था के साथ जुड़कर सामाजिक कार्यों में सहयोग देने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *