सोलन। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती के अवसर पर सोलन में बाल दिवस मनाया गया। इस दौरान पूर्व सैनिक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कर्नल संजय शांडिल ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, विचारों और देश के निर्माण में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू आधुनिक भारत के निर्माण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने वाले प्रमुख नेताओं में से एक थे।
कर्नल संजय शांडिल ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का बच्चों के प्रति विशेष स्नेह था। बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनके बेहतर पालन-पोषण, शिक्षा तथा सर्वांगीण विकास से ही एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। इसी विचारधारा को सम्मान देने के लिए उनके जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश को विकास की राह पर आगे बढ़ाने में पंडित नेहरू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में देश में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। उनके दूरदर्शी विचारों ने आधुनिक भारत की नींव रखने में अहम योगदान दिया।
इस अवसर पर सोलन कांग्रेस इकाई ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर शिक्षा और कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। कर्नल संजय शांडिल ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित, शिक्षित और बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से बच्चों के अधिकारों और उनके सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान किया।