सोलन। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के दिशा-निर्देशों के तहत सोलन जिला कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एआईसीसी सचिव कमल कांत शर्मा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष वर्माणी ने आगामी ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान तथा मतदाता सत्यापन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति तैयार की गई।
एआईसीसी सचिव कमल कांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से देशभर में दो महीने का ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब सोलन जिले में भी अभियान को गांवों और चौपालों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना और मतदाता सूचियों में किसी भी पात्र नागरिक का नाम कटने से बचाना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता बीएलए-1 और बीएलए-2 के माध्यम से चुनाव अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। मतदाता सूचियों की जांच करवाई जाएगी तथा जिन पात्र लोगों के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, उन्हें जुड़वाने के प्रयास किए जाएंगे। कमल कांत शर्मा ने देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाते हुए चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने, चुनावी प्रक्रिया की समीक्षा करने और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी उठाई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष वर्माणी ने बताया कि जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में पांच-पांच वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। 14 नवंबर को ब्लॉक स्तर पर बीएलए प्रतिनिधियों की बैठक होगी, जबकि 15 नवंबर को बीएलए अपने-अपने पोलिंग बूथों पर मतदाता सूचियों की जांच करेंगे। 17 नवंबर को वे अपनी रिपोर्ट ब्लॉक अध्यक्षों को सौंपेंगे।
उन्होंने बताया कि 17 से 30 नवंबर तक जिले के प्रत्येक पोलिंग बूथ, पंचायत और जोन स्तर पर चौपाल बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इन बैठकों के माध्यम से मतदाता सूची का सत्यापन करने के साथ प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को भी लोगों तक पहुंचाया जाएगा।