सोलन में छठ पर्व की तैयारियां तेज, कृत्रिम जल कुंड बनाकर की जाएगी पूजा-अर्चना

सोलन। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सोलन में तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। पर्व के आयोजन को लेकर पूजा स्थल की साफ-सफाई, रंग-रोगन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। समाजसेवी जोधा यादव ने बताया कि छठ पूजा के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि व्रतधारियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि पूजा स्थल पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही स्थल की पेंटिंग और सजावट का कार्य भी किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कृत्रिम जल कुंड (हौज) तैयार किया जाएगा, जहां व्रती महिलाएं और पुरुष भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
जोधा यादव ने बताया कि छठ पर्व का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व बेहद खास है। यह पर्व मुख्य रूप से संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए मनाया जाता है। इस दौरान श्रद्धालु तीन दिनों तक कठिन व्रत रखते हैं। व्रत के नियमों के अनुसार निर्जल रहकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना की जाती है। पर्व के दौरान उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की विशेष परंपरा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से पहले लोग अपने घरों की छतों पर अलग-अलग छठ पूजा करते थे, लेकिन अब सार्वजनिक स्थल पर सामूहिक रूप से इस पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इससे समाज के लोगों में एकजुटता और भाईचारे की भावना मजबूत हुई है।
जोधा यादव ने आयोजन में सहयोग के लिए स्थानीय निवासियों और पुलिस-प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से छठ पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न करवाने की तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *