सोलन: भैया दूज पर महिलाओं को मिली मुफ्त बस यात्रा की सुविधा, बस अड्डे पर उमड़ी भीड़

सोलन। भैया दूज के पावन अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार और हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से महिलाओं को राज्य की सीमाओं के भीतर बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए सोलन बस अड्डे पर महिलाओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही महिलाएं अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए बसों का इंतजार करती नजर आईं।
सोलन बस अड्डे के अड्डा प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी भैया दूज के अवसर पर महिलाओं को हिमाचल प्रदेश की सीमा के भीतर बसों में मुफ्त सफर की सुविधा दी जा रही है। इस विशेष सुविधा के चलते बसों में महिलाओं की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि त्योहार के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भैया दूज भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक पर्व है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के घर जाकर तिलक करती हैं और उनकी लंबी आयु एवं सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। ऐसे में महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें अपने परिवार और रिश्तेदारों तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलती है।
नरेंद्र सिंह ने सभी माता-बहनों से अपील की कि वे राज्य सरकार और परिवहन निगम की ओर से दी जा रही इस सुविधा का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है, इसलिए निगम की ओर से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *