सोलन। भाजपा सोलन के सचिव रचित साहनी ने त्योहारों के दौरान शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और अन्य कर्मियों की सराहना की है। उन्होंने समस्त सोलनवासियों को त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में जुटे कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
रचित साहनी ने कहा कि दिवाली के दौरान सोलन के बाजारों में भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने जमकर खरीदारी की। त्योहार के चलते बाजारों में कचरे की मात्रा भी बढ़ गई थी। पटाखे जलने से प्रदूषण और गंदगी की स्थिति बनी, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम के कर्मचारियों ने शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सफाई व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण कार्य होता है, लेकिन नगर निगम के कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मेहनत के कारण शहर में स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिली। ऐसे कर्मचारियों का सम्मान और उत्साहवर्धन किया जाना चाहिए, जो त्योहारों के दौरान भी अपनी ड्यूटी निभाते हुए आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाते हैं।
रचित साहनी ने कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली सराहनीय रही है और कर्मचारियों ने प्रभावी ढंग से सफाई व्यवस्था संभाली। उन्होंने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि नगर निगम जनहित को प्राथमिकता देते हुए आगे भी कार्य करता रहेगा। उन्होंने लोगों से भी शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की।
सोलन: त्योहारों के दौरान बेहतर सफाई व्यवस्था के लिए भाजपा सचिव रचित साहनी ने नगर निगम कर्मचारियों को सराहा