सोलन। विश्वकर्मा दिवस के पावन अवसर पर सोलन सहित आसपास के क्षेत्रों में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना श्रद्धा और उत्साह के साथ की गई। इस अवसर पर शिल्पकारों, मूर्तिकारों, कारीगरों, वाहन चालकों और तकनीकी कार्यों से जुड़े लोगों ने अपने कामकाज में इस्तेमाल होने वाले औजारों, मशीनों और वाहनों की पूजा की। लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों और कार्यस्थलों की साफ-सफाई कर भगवान विश्वकर्मा के समक्ष सुख-समृद्धि और कारोबार में उन्नति की कामना की।
इस अवसर पर अजय धीमान ने समस्त प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि के निर्माण और सृजन का देवता माना जाता है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में निर्माण, तकनीक और औद्योगिक विकास का विशेष महत्व है। समाज में आज जो भी कल-कारखाने, मशीनें और निर्माण कार्य दिखाई देते हैं, उनके पीछे शिल्पकारों और तकनीकी रूप से दक्ष लोगों की मेहनत और कौशल की महत्वपूर्ण भूमिका है। भगवान विश्वकर्मा को इसी सृजनात्मक शक्ति और तकनीकी ज्ञान का प्रतीक माना जाता है।
अजय धीमान ने कहा कि विश्वकर्मा दिवस केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह मेहनतकश वर्ग के हुनर, परिश्रम और योगदान को सम्मान देने का अवसर भी है। इस दिन कारीगर और श्रमिक अपने कामकाज से जुड़े उपकरणों को विश्राम देते हैं तथा कारोबार बंद रखकर भगवान विश्वकर्मा का स्मरण करते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के निर्माण और विकास में विश्वकर्मा समाज का योगदान अतुलनीय है, जिसे हमेशा सम्मान मिलना चाहिए।
वहीं, ऑटो चालकों, गाड़ी मिस्त्रियों और वर्कशॉप संचालकों ने भी अपने वाहनों, मशीनों और लोहे के औजारों की विशेष पूजा-अर्चना की। नौहराधार के पंकज कुमार सहित अन्य वाहन चालकों ने बताया कि विश्वकर्मा दिवस उनके लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि उनका पूरा रोजगार वाहनों और उनसे जुड़े उपकरणों पर निर्भर है। इस दिन वे अपने वाहनों का संचालन बंद रखते हैं और अपने रोजी-रोटी के साधनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनकी पूजा करते हैं।
लोगों ने भगवान विश्वकर्मा से अपने कार्यक्षेत्र में तरक्की, परिवार की खुशहाली और कारोबार में बरकत की कामना की। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।