सोलन। शहर में आगजनी की घटनाओं से निपटने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में नगर निगम सोलन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में स्थापित वाटर फायर हाइड्रेंट का निरीक्षण और परीक्षण किया।
इस दौरान नगर निगम प्रशासन की मौजूदगी में शहर के पांच प्रमुख स्थानों पर स्थापित फायर हाइड्रेंट की कार्यप्रणाली जांची गई। निरीक्षण के दौरान कुल 25 वाटर फायर हाइड्रेंट का परीक्षण किया गया। इनमें से तीन हाइड्रेंट खराब पाए गए, जिन्हें नगर निगम प्रशासन ने तुरंत दुरुस्त करवा दिया।
नगर निगम की इस पहल का मुख्य उद्देश्य आगजनी की किसी भी घटना के दौरान अग्निशमन विभाग को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध करवाना है, ताकि आग पर समय रहते काबू पाया जा सके। शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फायर हाइड्रेंट की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रशासन की ओर से किए गए इस निरीक्षण से अग्निशमन विभाग की तैयारियों को मजबूती मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से बाजारों और अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं के दौरान ये हाइड्रेंट राहत एवं बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाएंगे।
नगर निगम और अग्निशमन विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना और किसी भी आपात स्थिति में नुकसान को कम करना है।
सोलन में आगजनी से निपटने के लिए नगर निगम अलर्ट, 25 फायर हाइड्रेंट का किया निरीक्षण; तीन खराब हाइड्रेंट दुरुस्त