सोलन। दीपावली पर्व को लेकर सोलन शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजारों का रुख कर रहे हैं। ऐसे में नगर निगम सोलन के वार्ड नंबर पांच की पार्षद डॉ. प्रियंका पांजा ने शहरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षा और सतर्कता बरतने की अपील की है।
डॉ. प्रियंका पांजा ने कहा कि दीपावली खुशियों और आपसी भाईचारे का त्योहार है। पुलिस और प्रशासन अपनी ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन नागरिकों को भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सावधान रहना चाहिए। बाजारों में अधिक भीड़ होने के कारण लोगों को अपने मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और सोने-चांदी के आभूषणों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और त्योहार को प्रेम तथा सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी तरह के लड़ाई-झगड़े और हिंसक गतिविधियों से बचें, ताकि महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पार्षद ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बाजार या आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि अथवा नशे में धुत व्यक्ति दिखाई देता है, जिससे शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका हो, तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। किसी अप्रिय घटना के दौरान वीडियो बनाने के बजाय सबसे पहले पुलिस और जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता को प्राथमिकता दें, ताकि समय रहते स्थिति को संभाला जा सके।
उन्होंने सभी शहरवासियों के घरों में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए दीपावली का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशियों के साथ मनाने का संदेश दिया।
सोलन : दिवाली पर बाजारों में खरीदारी के दौरान रहें सतर्क, कीमती सामान का रखें विशेष ध्यान : डॉ. प्रियंका पांजा