सोलन। शहर में जल निकासी और नालियों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम ने बजट का प्रावधान कर लिया है। नगर निगम सोलन की मेयर सुषमा शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल नालियों के निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए टेंडर जारी नहीं किए गए हैं, लेकिन इसके लिए आवश्यक बजट रखा गया है। संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के बाद कार्यों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
मेयर सुषमा शर्मा ने शहर के सभी वार्ड पार्षदों से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने वार्डों में खराब और क्षतिग्रस्त नालियों की जानकारी नगर निगम को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि पार्षदों के माध्यम से मिलने वाली शिकायतों पर नगर निगम के जूनियर इंजीनियर (जेई) और उपमंडलीय अधिकारी (एसडीओ) मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेंगे। इसके बाद संबंधित स्थान की आवश्यकता के अनुसार ड्राइंग तैयार की जाएगी और निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में नालियों के बंद होने, पानी की निकासी बाधित होने या अन्य किसी प्रकार की समस्या है तो इसकी जानकारी नगर निगम को दें। इससे समस्याओं की पहचान कर समय रहते समाधान किया जा सकेगा।
मेयर ने बताया कि प्रत्येक स्थान पर होने वाले कार्य की अनुमानित लागत मौके के निरीक्षण के बाद ही तय की जाएगी। इसके लिए किसी प्रकार की निश्चित बजट सीमा निर्धारित नहीं की गई है। जहां कम कार्य की आवश्यकता होगी, वहां कम और जहां अधिक निर्माण की जरूरत होगी, वहां उसी के अनुरूप धनराशि खर्च की जाएगी।
उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम द्वारा जहां भी नालियों का निर्माण या मरम्मत कार्य शुरू करवाया जाएगा, उसे अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि पूरी तरह से संपन्न किया जाएगा। नगर निगम का प्रयास है कि शहरवासियों को जल निकासी की समस्या से राहत मिले और वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।