सोलन। ग्राम पंचायत डांगरी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत डांगरी के प्रधान एवं विद्यालय के पूर्व छात्र भूपेंद्र ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान पंचायत उपप्रधान वीरेंद्र तथा वार्ड पंच पवन, सुनीता और हरीश भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान भूपेंद्र ठाकुर ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और स्कूल प्रबंधन को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की पुरानी यादें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पहली से दसवीं कक्षा तक की पढ़ाई इसी विद्यालय से पूरी की है। उस समय यह विद्यालय हाई स्कूल हुआ करता था, लेकिन समय के साथ इसका स्तरोन्नयन होकर अब यह वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बन चुका है।
उन्होंने कहा कि अपने पुराने विद्यालय में पहुंचकर उन्हें विद्यार्थी जीवन की यादें ताजा हो गईं। विद्यालय की प्रगति और उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भूपेंद्र ठाकुर ने आश्वासन दिया कि ग्राम पंचायत की ओर से विद्यालय के विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत के सभी निर्वाचित प्रतिनिधि और स्थानीय निवासी विद्यालय को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और विद्यालय की उन्नति के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया।