सोलन। युवाओं और बच्चों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से सोलन जिले में 28 अक्टूबर से दो माह का विशेष टोबेको फ्री यूथ कैंपेन शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ तंबाकू नियंत्रण कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी सोलन डॉ. योगेश गुप्ता ने बताया कि अभियान की शुरुआत के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभागीय कर्मचारियों को तंबाकू के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान और इसकी रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि आगामी दो महीनों तक जिले में व्यापक स्तर पर इंफोर्समेंट ड्राइव चलाई जाएगी। इसके लिए जिला और ब्लॉक स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न क्षेत्रों में तंबाकू नियंत्रण कानूनों की अनुपालना सुनिश्चित करेंगी।
डॉ. गुप्ता ने युवाओं और बच्चों से तंबाकू उत्पादों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि बाजार में फ्लेवर के नाम पर भी तंबाकू उत्पाद बेचे जा रहे हैं। युवा इनके आकर्षक स्वरूप से प्रभावित न हों, क्योंकि एक बार इसकी लत लगने के बाद इसे छोड़ना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन अन्य गंभीर नशों की ओर बढ़ने का रास्ता भी बन सकता है। ऐसे में शुरुआती स्तर पर ही बच्चों और युवाओं को इसकी गिरफ्त में आने से बचाना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों की सहायता के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा निशुल्क परामर्श और सहयोग उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके लिए लोग नई दिशा केंद्र और एमएमयू के तहत संचालित टोबेको सिजेशन सेंटर में संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से भी युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।