सोलन। दिवाली के त्योहार को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को खाद्य पदार्थों में मिलावट और पटाखों से होने वाले संभावित हादसों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अजय पाठक ने आम जनता से अपील की है कि त्योहार के दौरान खान-पान और आतिशबाजी करते समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि खुशियों का यह पर्व किसी स्वास्थ्य समस्या या दुर्घटना का कारण न बने।
सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने कहा कि दिवाली के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट की आशंका भी बनी रहती है। खाद्य सुरक्षा विभाग इस दिशा में लगातार निगरानी और आवश्यक प्रयास कर रहा है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि यदि किसी मिठाई या खाद्य पदार्थ का स्वाद, रंग या गंध असामान्य लगे अथवा वह बासी दिखाई दे, तो उसका सेवन बिल्कुल न करें। लोगों को खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने पटाखे चलाते समय भी सावधानी बरतने की अपील की। डॉ. पाठक ने कहा कि बच्चों को हमेशा बड़ों की निगरानी में ही पटाखे चलाने चाहिए। अस्थमा, सांस संबंधी परेशानी और एलर्जी से पीड़ित लोगों को पटाखों के धुएं से दूर रहना चाहिए। तेज आवाज वाले पटाखों से सुनने की क्षमता प्रभावित हो सकती है, जबकि चिंगारियों से आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है।
उन्होंने बताया कि पटाखे चलाते समय यदि शरीर का कोई हिस्सा जल जाए तो प्रभावित स्थान को तुरंत बहते ठंडे पानी के नीचे रखें, ताकि जलन और त्वचा को होने वाला नुकसान कम किया जा सके। इसके बाद चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार करवाएं। आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें। उन्होंने लोगों से सुरक्षित तरीके से दिवाली मनाने की अपील की।