सोलन। नगर निगम सोलन की मेयर सुषमा शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अंबाला में रेलवे के चीफ इंजीनियर से मुलाकात कर शहर से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बैठक में रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था, सड़क निर्माण और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए एनओसी देने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मेयर सुषमा शर्मा ने बताया कि वर्ष 2021 से सोलन रेलवे स्टेशन की पुलिस चौकी बंद पड़ी है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि सोलन शहर के भीतर करीब 9 से 10 रेलवे टनल हैं, जहां पुलिस चौकी बंद होने के कारण नशे की गिरफ्त में आए युवा और बच्चे सोते रहते हैं। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से पुलिस चौकी दोबारा शुरू करवाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
बैठक में वार्ड नंबर चार के करोल विहार मार्ग के निर्माण का मामला भी उठाया गया। मेयर ने बताया कि सड़क निर्माण में कुछ जर्जर पेड़ बाधा बन रहे हैं। इस संबंध में रेलवे अधिकारियों को मौके का निरीक्षण करने के लिए सोलन आने का निमंत्रण दिया गया। चीफ इंजीनियर ने आश्वासन दिया कि दिवाली के बाद 8 से 10 दिनों के भीतर रेलवे की टीम मौके का निरीक्षण करेगी, ताकि सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो सके।
इसके अलावा डिप्टी मेयर के वार्ड सहित अन्य क्षेत्रों में रेलवे पुलिया के नीचे से पेयजल की मुख्य पाइपलाइन बिछाने का मुद्दा भी उठाया गया। मेयर ने जनहित को ध्यान में रखते हुए इसके लिए बिना शुल्क एनओसी जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि चीफ इंजीनियर ने आवेदन स्वीकार करते हुए बिना किसी शुल्क के एनओसी देने और पाइपलाइन बिछाने की अनुमति प्रदान करने का भरोसा दिया है।
मेयर ने कहा कि इन मुद्दों के हल होने से शहर के कई वार्डों को राहत मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।