सोलन | राजकीय प्राथमिक पाठशाला बासल और राजकीय माध्यमिक पाठशाला बासल में बैग फ्री डे का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को किताबों और नियमित पढ़ाई से अलग हटकर विभिन्न रचनात्मक, मनोरंजक और गतिविधि आधारित कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिला। बच्चों ने योग, ध्यान, चित्रकला और खेलकूद सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान सहज योग संस्था के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को योग और ध्यान की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास करवाया। उन्होंने बच्चों को योग के महत्व से अवगत करवाते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ मानसिक एकाग्रता और आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है। विद्यार्थियों ने सहज योग की विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर ध्यान और मानसिक शांति के महत्व को समझा।
इसके अतिरिक्त विद्यालय परिसर में चित्रकला, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने चित्रों के माध्यम से अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक प्रतिभा को प्रदर्शित किया। खेलकूद गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों में आपसी सहयोग, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। शिक्षकों ने बच्चों को पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि बैग फ्री डे का मुख्य उद्देश्य बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक और अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान करना है। इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ती है और वे बिना किसी दबाव के नई चीजें सीखते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भी गतिविधि आधारित और आनंदमय शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने दिनभर विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया। शिक्षकों ने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। BITE – गगन दीप ड्राइंग टीचर राजकीय माध्यमिक विद्यालय बसाल जिला सोलन, भाविका ठाकुर
सोलन : बासल के सरकारी स्कूलों में मनाया बैग फ्री डे, योग और रचनात्मक गतिविधियों में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा