सोलन : पानी के बकाया बिलों पर नगर निगम सख्त, वार्ड छह में 20 कनेक्शन काटे

सोलन। नगर निगम सोलन ने पानी के बकाया बिलों की वसूली को लेकर अभियान तेज कर दिया है। बकाया राशि जमा नहीं करवाने वाले उपभोक्ताओं के पानी के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इसी कड़ी में नगर निगम की टीम ने वार्ड नंबर छह में 20 उपभोक्ताओं के पानी के कनेक्शन काट दिए हैं। वहीं, अभियान के तहत अब तक करीब एक करोड़ 20 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है।
नगर निगम सोलन की मेयर सुषमा शर्मा ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में बकायेदारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। तीन-चार दिन पहले वार्ड नंबर 13 में अभियान चलाया गया था। इसके बाद वार्ड नंबर छह में 30 बकायेदारों की पहचान की गई, जिनमें से 20 के कनेक्शन काट दिए गए, जबकि शेष 10 उपभोक्ताओं ने कार्रवाई के दौरान नगर निगम कार्यालय पहुंचकर बकाया बिल जमा करवा दिए।
मेयर ने बताया कि अब वार्ड नंबर चार, सात और 11 में कार्रवाई होनी बाकी है। इन वार्डों में शनिवार से कनेक्शन काटने का अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने संबंधित वार्डों के उपभोक्ताओं से शनिवार से पहले बकाया राशि जमा करवाने की अपील की है।
सुषमा शर्मा ने कहा कि जिन उपभोक्ताओं के बिल अधिक हैं, उन्हें दो किश्तों में भुगतान की सुविधा दी जा रही है। हालांकि, एक महीने के भीतर दूसरी किश्त जमा नहीं करवाने वालों के कनेक्शन भी काट दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अब तक करीब 1.20 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है। इसमें सरकारी विभागों से चेक के माध्यम से प्राप्त भुगतान भी शामिल हैं, जिनकी गणना की जा रही है। नगर निगम जल्द ही बकायेदारों की नई सूची और वसूली का विस्तृत ब्यौरा तैयार करेगा। मेयर ने लोगों से समय रहते बिल जमा करवाने का आग्रह किया है, ताकि पानी के कनेक्शन कटने से होने वाली परेशानी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *