सोलन में खुला प्रदेश का पहला परफ्यूम आउटलेट, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने की सराहना

सोलन। हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने सोलन में प्रदेश के पहले परफ्यूम आउटलेट के शुभारंभ पर खुशी जताते हुए इसे कारोबार और रोजगार की दिशा में एक नई पहल बताया। जतिन साहनी और उनके परिवार की ओर से शुरू किए गए इस प्रतिष्ठान को उन्होंने प्रदेश में अपनी तरह का पहला उद्यम बताया। उन्होंने संचालकों को नए कारोबार के लिए शुभकामनाएं देते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में इस तरह के नए व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुलने चाहिए, ताकि युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें और अधिक लोग स्वरोजगार की ओर प्रेरित हों। उन्होंने कहा कि नए उद्यम न केवल कारोबार को बढ़ावा देते हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। युवाओं को रोजगार के लिए केवल सरकारी क्षेत्र पर निर्भर रहने के बजाय अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार व्यवसाय शुरू करने के लिए आगे आना चाहिए।
डॉ. शांडिल ने सुगंध के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि खुशबू वातावरण को बेहतर बनाने के साथ मन और विचारों पर भी सकारात्मक प्रभाव डालती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रतिष्ठान ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता वाले परफ्यूम उपलब्ध करवाने के साथ शहर की व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति देगा।
सोलन के विकास की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह शहर प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छता के लिए जाना जाता है। यहां की संस्कृति, पहाड़ी जीवनशैली और प्राकृतिक वातावरण पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि सोलन में देशी और विदेशी पर्यटकों के लिए पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि योजनाबद्ध विकास, नए कारोबार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देकर सोलन भविष्य में व्यापार और पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर सकता है। ऐसे उद्यम शहर की पहचान मजबूत करने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *