सोलन। विजेश्वर देवता जी के मेले के अवसर पर जिला परिषद सोलन की अध्यक्ष शीला कुमारी ने क्षेत्रवासियों को बधाई दी और देवता के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने राधा-कृष्ण मंदिर में भी माथा टेका। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विजेश्वर देवता जी के मेले से उनका करीब 30 से 35 वर्षों का जुड़ाव रहा है। इस मेले में पहुंचना उनके लिए हमेशा श्रद्धा और आत्मीयता का विषय रहा है।
अपने संबोधन में शीला कुमारी ने क्षेत्र में एक होनहार युवा खिलाड़ी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने दिवंगत खिलाड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि यह क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शीला कुमारी ने कहा कि वर्ष 1991 में पंचायती राज व्यवस्था से जुड़े अपने सफर के दौरान उन्हें क्षेत्रवासियों का निरंतर सहयोग और विश्वास मिलता रहा है। इसी समर्थन की बदौलत उन्हें चार बार जिला परिषद सदस्य, बीडीसी सदस्य और उपप्रधान के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। इसके अलावा वह दो बार चेयरपर्सन भी रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने सगड़ा और सगुणा क्षेत्र के लोगों का विशेष रूप से आभार जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनका उद्देश्य हमेशा क्षेत्र की समस्याओं को उठाना और विकास कार्यों को गति देना रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। जनता के सहयोग से उपलब्ध संसाधनों के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।
मेले के अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और देव संस्कृति की परंपराओं को बनाए रखने का आह्वान किया।
सोलन : विजेश्वर देवता मेले में पहुंचीं शीला कुमारी, क्षेत्र के विकास का दिया भरोसा