सोलन। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) की सोलन जिला कमेटी ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर देश और प्रदेश में छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया। इस दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए कथित अवैध एसआईआर प्रक्रिया को रद्द करने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
एसएफआई सोलन के जिला अध्यक्ष राघव ने कहा कि देशभर में छात्र विभिन्न मुद्दों को लेकर एकजुट हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अवैध तरीके से एसआईआर कराया जा रहा है, जिसका संगठन विरोध करता है। इसी के विरोध में जिला कमेटी ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि इस प्रक्रिया को जल्द से जल्द रद्द किया जाए।
राघव ने आरोप लगाया कि देश में सरकार का रवैया तानाशाहीपूर्ण होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न स्थानों पर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों और महिलाओं पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। एसएफआई ने इस तरह की कार्रवाई की निंदा करते हुए संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान हिमाचल प्रदेश में छात्र संगठनों के बीच बढ़ते टकराव का मुद्दा भी उठाया गया। राघव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से छात्रों पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्र संगठनों के बीच हिंसा की घटनाएं शैक्षणिक माहौल के लिए चिंताजनक हैं। एसएफआई जिला कमेटी ने ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
संगठन ने कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा। धरने के माध्यम से एसएफआई ने प्रशासन और सरकार से छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने तथा आवश्यक कदम उठाने की मांग की।