सोलन। भारतीय जनता युवा मोर्चा सोलन विधानसभा की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना के लिए कंडाघाट में सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सिविल अस्पताल कंडाघाट में मरीजों को फल वितरित किए, जबकि प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया। इसके बाद मंदिर में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर अनुराग ठाकुर के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की गई।
कार्यक्रम का आयोजन युवा मोर्चा सोलन ग्रामीण मंडल अध्यक्ष मंगलेश ठाकुर के नेतृत्व में किया गया, जबकि इसकी अध्यक्षता युवा मोर्चा कंडाघाट मंडल अध्यक्ष कार्तिक ठाकुर ने की। अभियान में क्षेत्र के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सेवा व समर्पण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के तहत सबसे पहले युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सिविल अस्पताल कंडाघाट पहुंचे। यहां उन्होंने उपचाराधीन मरीजों का कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए फल बांटे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्राचीन हनुमान मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान मंदिर परिसर की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। सफाई अभियान के बाद सभी कार्यकर्ताओं ने एक साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया और बजरंगबली से अनुराग ठाकुर के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष रोहित भारद्वाज, भाजपा कंडाघाट मंडल महामंत्री अरुण ठाकुर, प्रदेश संयोजक हिमांशु ठाकुर, रणजीत ठाकुर और वाकना पंचायत के पूर्व प्रधान हरजिंदर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अलावा वेदांत मेहता, हर्षित गुप्ता, देवांश सूद, सात्विक, वैभव, सुजल, मनोज और पंकज शर्मा सहित युवा मोर्चा कंडाघाट मंडल और सोलन ग्रामीण मंडल के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी युवाओं का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।