सोलन-सुबाथू मार्ग पर टारिंग का काम जल्द होगा बहाल, सड़क सुधार में जुटा लोक निर्माण विभाग

सोलन। सोलन-सुबाथू मार्ग के आठ किलोमीटर लंबे हिस्से की टारिंग और अपग्रेडेशन का कार्य लोक निर्माण विभाग की ओर से करवाया जा रहा है। सोलन मंडल एवं उपमंडल के अंतर्गत आने वाले इस मार्ग पर सड़क की स्थिति सुधारने और इसे बेहतर बनाने के लिए विभागीय टीम मौके पर काम कर रही है। सहायक अभियंता ई. सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि बिटुमन (तारकोल) की आपूर्ति में देरी के कारण पिछले चार से पांच दिनों से टारिंग का काम रुका हुआ है। हालांकि, इस दौरान सड़क सुधार से जुड़े अन्य कार्य लगातार जारी हैं।
ई. सुरेंद्र शर्मा के अनुसार, तारकोल की आपूर्ति के लिए ऑर्डर देने के बाद रिफाइनरी या प्लांट से सामग्री लेकर वाहन पहुंचने में लगभग 15 दिन लग जाते हैं। सोलन की ओर से मार्ग के शुरुआती करीब आधा किलोमीटर हिस्से में टारिंग का काम पूरा कर लिया गया था, लेकिन इसके बाद सामग्री उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्य रोकना पड़ा। उन्होंने उम्मीद जताई कि परसों तक तारकोल की गाड़ी पहुंच जाएगी, जिसके बाद टारिंग का काम दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि तारकोल की आपूर्ति में देरी के बावजूद विभाग की टीम सड़क सुधार के अन्य कार्यों में जुटी हुई है। मौके पर 10 से 11 मजदूरों के साथ चार जेसीबी और चार टिपर तैनात किए गए हैं। इनके माध्यम से सड़क किनारे बनी नालियों की सफाई, बर्म की मरम्मत, बर्म फिलिंग और संभावित स्थानों पर सड़क को चौड़ा करने का काम किया जा रहा है। यह कार्य सोलन उपमंडल के अंतर्गत आने वाले भोज क्षेत्र तक किया जाएगा।
सहायक अभियंता ने कहा कि सड़क निर्माण और टारिंग की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है और निर्धारित मानकों के अनुसार ही सामग्री का इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध है और विभाग का प्रयास है कि काम निर्धारित समय में पूरा किया जाए। सड़क के अपग्रेडेशन से क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *