सोलन। आगामी त्योहारों दिवाली, भैया दूज और करवा चौथ के मद्देनजर नगर निगम सोलन का खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क हो गया है। त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विभाग की ओर से बाजारों में औचक निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में विभागीय टीम ने नगर निगम सोलन क्षेत्र से दूध, डेयरी उत्पादों और मिठाइयों के कुल 11 सैंपल एकत्र किए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा नगर निगम सोलन डॉ. अतुल केष्ठा ने बताया कि सभी सैंपलों को जांच के लिए एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त और एनएबीएल एक्रेडिटेड प्रयोगशालाओं में भेजा जा रहा है। इनमें भैंस के दूध का एक, गाय के दूध के दो, दही, गाय के घी और पनीर का एक-एक सैंपल शामिल है। इसके अतिरिक्त मैसूर पाक, काजू कतली, बॉम्बे हलवा और कैडबरी ड्राई फ्रूट्स के भी सैंपल लिए गए हैं। प्रयोगशाला में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने की जांच की जाएगी।
डॉ. केष्ठा ने बताया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में इन खाद्य पदार्थों को तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विभाग की नजर चीनी, वनस्पति, मैदा, बेसन और खोया सहित अन्य सामग्री पर है, क्योंकि मिठाइयों की गुणवत्ता काफी हद तक इस्तेमाल किए जाने वाले कच्चे माल पर निर्भर करती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सैंपलिंग और निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। जांच में सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में पहले लिए गए पनीर के एक सैंपल की फैटी एसिड प्रोफाइलिंग जांच में खामी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता को 30 दिनों के भीतर जवाब देने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में विभागीय टीम लगातार बाजारों का निरीक्षण कर रही है। सहायक आयुक्त भी स्वयं बाजारों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर रहे हैं।