सोलन। सोलन सब्जी मंडी में प्याज की कीमतों में तेजी दर्ज की जा रही है। त्योहारी सीजन में बढ़ती मांग और सीमित आपूर्ति के चलते प्याज के भाव में उछाल आया है। मंडी में बढ़िया गुणवत्ता का प्याज 46 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, जबकि पिछले दिनों इसके दाम 43 से 44 रुपये प्रति किलो के बीच थे। इस तरह प्याज की कीमतों में करीब दो रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है।
सोलन सब्जी मंडी के कारोबारी बंटी के अनुसार, प्याज की विभिन्न गुणवत्ता के हिसाब से अलग-अलग भाव चल रहे हैं। बढ़िया गुणवत्ता का प्याज 46 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। वहीं, मोटे प्याज के दाम आने वाले दिनों में 48 से 49 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा चोपड़ा यानी बिना छिलके वाले प्याज के भाव 38 से 40 रुपये प्रति किलो हैं। गोली और हल्की गुणवत्ता का प्याज 30 से 40 रुपये प्रति किलो तक उपलब्ध है।
बंटी ने बताया कि इन दिनों मंडी में प्याज की आवक मुख्य रूप से मध्य प्रदेश के रतलाम से हो रही है। फिलहाल पुणे और नासिक से प्याज की आपूर्ति नहीं आ रही है। वहीं, राजस्थान के अलवर से नई फसल की आवक दिवाली के बाद शुरू होने की संभावना है। ऐसे में आगामी दिनों में बाजार में उपलब्ध प्याज की मात्रा और आपूर्ति की स्थिति कीमतों को प्रभावित कर सकती है।
कारोबारी के मुताबिक, त्योहारी सीजन में प्याज की मांग बढ़ने और उपलब्ध माल की कमी के कारण दिवाली तक कीमतों में तेजी बनी रह सकती है। आने वाले दिनों में प्याज के भाव में एक से दो रुपये प्रति किलो की अतिरिक्त बढ़ोतरी होने की संभावना भी जताई जा रही है।
प्याज के दाम बढ़ने से आम उपभोक्ताओं के रसोई बजट पर असर पड़ सकता है। हालांकि, आगामी दिनों में कीमतों का रुख नई फसल की आवक और बाजार में आपूर्ति पर निर्भर करेगा।