जाम खुलवा रहे पुलिस के एसआई की दर्दनाक मौत, दो बसों के बीच दबने से गई जान
चिंतपूर्णी में तंग मोड़ पर दो बसों को क्रॉस करवाते समय हुआ हादसा, अस्पताल में उपचार के दौरान एसआई राजेश कुमार ने तोड़ा दम
चिंतपूर्णी। हिमाचल प्रदेश के चिंतपूर्णी में सड़क पर लगा जाम खुलवाना एक पुलिस अधिकारी के लिए जानलेवा साबित हुआ। थाना चिंतपूर्णी में तैनात एसआई राजेश कुमार की दो बसों के बीच दबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने साथी एचसी मुकेश कुमार के साथ सड़क पर यातायात व्यवस्था सुचारू करवाने में जुटे हुए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुबारिकपुर और देहरा की ओर जा रही दो बसें एक तंग मोड़ पर एक-दूसरे को क्रॉस कर रही थीं। इसी दौरान यातायात नियंत्रित कर रहे एसआई राजेश कुमार दोनों बसों के बीच दब गए। हादसा इतना गंभीर था कि वह बुरी तरह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल चिंतपूर्णी पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
ड्यूटी निभाते हुए एसआई राजेश कुमार की मौत ने सड़क पर यातायात नियंत्रित करने वाले पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तंग सड़कों और मोड़ों पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है।