सोलन : कांग्रेस सरकार के चार साल विफल, महिलाओं से किए वादे पूरे नहीं हुए: शैलेंद्र

सोलन। भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि करीब चार साल के कार्यकाल में सरकार जनता से किए वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ अपनी उपलब्धियां गिनाने के बजाय कांग्रेस विरोध प्रदर्शनों में जुटी है।
शैलेंद्र ने महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सम्मान राशि देने की गारंटी का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि प्रदेश की करीब 26 लाख महिलाओं से यह वादा किया गया था। उनके अनुसार, अब तक प्रत्येक पात्र महिला को 72 हजार रुपये मिल जाने चाहिए थे, जबकि प्रदेश में केवल 3569 महिलाओं को ही यह राशि दिए जाने की जानकारी है।
उन्होंने बताया कि सोलन जिले में 591 महिलाओं को नालागढ़ उपचुनाव के आसपास एक या दो किश्तें मिली थीं, लेकिन इसके बाद राशि नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 25 जून 2026 को कसौली प्रवास के दौरान पांच पंचायतों की महिलाओं को जल्द 1500 रुपये देने का आश्वासन दिया था, लेकिन उनके अनुसार, इन पंचायतों की महिलाओं को भी राशि नहीं मिली है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिले की 255 पंचायतों में से केवल पांच पंचायतों का उल्लेख क्यों किया गया।
शैलेंद्र ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकारें बनीं, वहां चुनाव आयोग की भूमिका पर अब सवाल उठाना समझ से परे है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रमुख मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
भाजपा नेता ने प्रदेश सरकार पर कर्ज बढ़ाने और अपने करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को विरोध प्रदर्शनों के बजाय जनता को अपनी उपलब्धियों और अधूरे वादों पर जवाब देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *