सोलन में महिला कांग्रेस की बैठक, महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व देने पर जोर

सोलन। हिमाचल प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष तृप्त कुमारी ठाकुर ने कहा कि महिला कांग्रेस महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। सोलन में आयोजित बैठक और प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने संगठन को मजबूत करने तथा महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व के अवसर उपलब्ध करवाने पर जोर दिया।
तृप्त कुमारी ठाकुर ने महिला कार्यकर्ताओं से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं और बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में कार्यकर्ताओं को सहयोग करना चाहिए। महिला कांग्रेस का उद्देश्य महिलाओं को संगठन से जोड़ने के साथ उन्हें राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देना भी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा महिलाओं के अधिकारों और न्याय के मुद्दों को उठा रहे हैं। अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने जंतर-मंतर पर न्याय की मांग कर रहे परिजनों को हिरासत में लिए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच पूरी होने तक संबंधित नियुक्ति पर पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा पर भी महिला सम्मान के मुद्दे पर राजनीतिक सुविधा के अनुसार रुख अपनाने का आरोप लगाया।
महिलाओं को 1500 रुपये सम्मान राशि देने के सवाल पर तृप्त कुमारी ठाकुर ने कहा कि यह प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है। उनके अनुसार, पहले 700 या 1100 रुपये सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली पात्र महिलाओं के खातों में अब 1500 रुपये की राशि दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा और केंद्र से धनराशि मिलने में आ रही बाधाओं के बावजूद प्रदेश सरकार अपनी गारंटियों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *