सोलन। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सोलन में माता रानी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। शहर में नवरात्रि के चलते भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मंदिरों और माता के दरबार में श्रद्धालु पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।
सोलन में पिछले 40 वर्षों से रह रहीं स्थानीय निवासी राज गुप्ता ने नवरात्रि के दौरान माता रानी के प्रति अपनी श्रद्धा और अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सोलन में नवरात्रि के दिनों में माता के दरबार में विशेष रौनक रहती है। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु भक्ति में ऐसे लीन हो जाते हैं कि उनका वहां से वापस जाने का मन नहीं करता। भक्तों की इच्छा रहती है कि वे अधिक से अधिक समय माता रानी के चरणों में बैठकर उनका गुणगान करते रहें।
राज गुप्ता के अनुसार, नवरात्रि के दौरान सोलन में दूर-दूर से श्रद्धालु माता रानी के दर्शन करने और अपनी हाजिरी लगाने पहुंचते हैं। भक्त पूरी श्रद्धा के साथ माता के दरबार में माथा टेकते हैं और अपनी मनोकामनाएं व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं का माता रानी पर अटूट विश्वास है और भक्त अपनी परेशानियां लेकर दरबार में आते हैं तथा माता का आशीर्वाद प्राप्त कर आत्मिक शांति महसूस करते हैं।
उन्होंने बताया कि अधिक उम्र होने के बावजूद माता रानी के प्रति उनकी आस्था और भक्ति में कोई कमी नहीं आई है। माता के दरबार में जाने की ऐसी ललक रहती है कि घर पर मन नहीं लगता। मन में हमेशा यही इच्छा रहती है कि जल्द से जल्द माता रानी के दर्शन किए जाएं और उनके भजनों का आनंद लिया जाए।
राज गुप्ता ने कहा कि माता रानी की कृपा से भक्तों को जीवन में हिम्मत और विश्वास मिलता है। उन्होंने कामना की कि माता रानी सभी श्रद्धालुओं पर अपनी कृपा बनाए रखें और हर परिवार में सुख, शांति तथा समृद्धि का वास हो। नवरात्रि का यह पर्व लोगों को श्रद्धा, भक्ति और सकारात्मकता का संदेश दे रहा है।