सोलन में एचपीवी टीकाकरण अभियान ने पकड़ी रफ्तार, अब तक 1511 बच्चियों का टीकाकरण

सोलन। जिले में ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान ने अब रफ्तार पकड़ ली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने बताया कि अभियान की शुरुआत में सोशल मीडिया पर फैली अफवाहों और भ्रांतियों के कारण टीकाकरण की गति धीमी रही थी, लेकिन अब इसे नए सिरे से गति दी गई है। अभियान को अभिभावकों की ओर से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
डॉ. पाठक ने बताया कि इस महीने अब तक करीब 500 बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है। सोलन जिले में अब तक कुल 1511 बच्चियों का टीकाकरण किया जा चुका है। बद्दी क्षेत्र के निजी क्षेत्र में भी 279 बच्चियों को टीका लगाया गया है। इसके अलावा अन्य निजी चिकित्सकों से टीकाकरण संबंधी आंकड़े एकत्र कर उन्हें सरकारी रिकॉर्ड में शामिल किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के कुछ जिलों में टीकाकरण लक्ष्य का 80 से 90 प्रतिशत तक हासिल किया जा चुका है और अब तक किसी प्रकार की गंभीर जटिलता सामने नहीं आई है। डॉ. पाठक ने कहा कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल है। उनके अनुसार सर्वाइकल कैंसर के करीब 99 प्रतिशत मामले एचपीवी संक्रमण से जुड़े होते हैं।
अभियान के तहत गार्डासिल-4 वैक्सीन लगाई जा रही है। डॉ. पाठक के अनुसार यह वैक्सीन वर्ष 2011 से उपयोग में है। उन्होंने बताया कि यीस्ट से एलर्जी, किसी वैक्सीन से पहले गंभीर एलर्जी की प्रतिक्रिया या तेज बुखार की स्थिति में टीकाकरण नहीं किया जाना चाहिए।
सीएमओ ने 14 से 15 वर्ष की बच्चियों के अभिभावकों से अभियान का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि फिलहाल अभियान 31 दिसंबर तक प्रस्तावित है। अभिभावक आगे आकर अपनी बच्चियों का टीकाकरण करवाएं, ताकि एचपीवी संक्रमण से होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *