सोलन। रोटरी क्लब सोलन ने संसाधनों के अभाव के बावजूद पढ़ाई कर रहे वंचित और श्रमिक वर्ग के बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए अनूठी पहल शुरू की है। क्लब के अध्यक्ष एवं एमएमयू के प्लास्टिक सर्जन डॉ. संजीव उप्पल ने बताया कि पहल के तहत छठी से दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले 25 बच्चों को होटल हिमानी में आमंत्रित कर विशेष भोजन करवाया गया।
इस दौरान बच्चों को उनकी पसंद के सात विशेष व्यंजन परोसे गए। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें भविष्य में आगे बढ़ने के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना रहा। क्लब के डॉक्टर, इंजीनियर, आर्किटेक्ट, चीफ इंजीनियर, सीईओ और व्यवसायी सदस्यों ने बच्चों से संवाद किया तथा अपने अनुभव साझा किए।
डॉ. संजीव उप्पल ने कहा कि किशोरावस्था में बच्चों को सही मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध करवाना जरूरी है। इससे वे नशे और अन्य भटकाव से दूर रहकर शिक्षा तथा अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि रोटरी क्लब इन 25 बच्चों का हर छह महीने या एक वर्ष में फॉलोअप करेगा। बच्चों की उच्च शिक्षा में भी क्लब सहयोग करेगा। जरूरत के अनुसार शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता, किताबें, स्टेशनरी और वाहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
डॉ. उप्पल के अनुसार रोटरी क्लब सोलन पिछले 56 वर्षों से समाजसेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय है। क्लब की ओर से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के साथ बुजुर्गों की सहायता, नि:शुल्क चिकित्सा एवं रक्तदान शिविर, अंगदान के प्रति जागरूकता अभियान और बालिकाओं के लिए सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण जैसी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
इसके अलावा क्लब द्वारा योग कक्षाओं का आयोजन तथा चिकित्सकों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क उपचार उपलब्ध करवाने के कार्य भी किए जा रहे हैं। क्लब ने बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण और भविष्य की दिशा तय करने में सहयोग जारी रखने की बात कही है।
सोलन : रोटरी क्लब की पहल, वंचित बच्चों को भोजन के साथ उच्च शिक्षा में सहयोग का भरोसा