सोलन। भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र ने डीसी कार्यालय परिसर में भाजपा नेताओं के पुतला दहन, सरकारी संपत्ति पर नारे लिखने और पोस्टर चिपकाने की घटना पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और इस तरह के प्रदर्शन से प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक मुद्दों को लेकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया।
शैलेंद्र ने चुनाव आयोग और ‘वोट चोरी’ से जुड़े कांग्रेस के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर लगाए जा रहे सवालों के बीच आयोग ने 26 सितंबर को अपने सभी निर्णयों पर सहमति की बात स्पष्ट की थी।
एसआईआर को लेकर उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के 27 मई 2026 के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण की वैधता को अदालत ने बरकरार रखा था। सुप्रीम कोर्ट के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार अदालत ने बिहार में कराए गए एसआईआर को वैध माना और इसे जनप्रतिनिधित्व कानून तथा संवैधानिक प्रावधानों के तहत अधिकार क्षेत्र में बताया।
शैलेंद्र ने कांग्रेस पर पिछले कई वर्षों से ईवीएम और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाकर राजनीतिक नैरेटिव तैयार करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने आरोपों के संबंध में ठोस तथ्य जनता के सामने रखने चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक दलों को अपने विचार रखने और विरोध दर्ज करवाने का अधिकार है, लेकिन सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचना चाहिए। भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष ने प्रशासन से ऐसी घटनाओं पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी उठाई। BITE – शैलेंद्र अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल