सोलन। अश्विनी खड्ड के समीप स्थित माधव सृष्टि परिसर में माधव योगाश्रम प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन आगामी 2 अक्टूबर को किया जाएगा। योग भारती हिमाचल के संस्थापक एवं कार्यक्रम प्रमुख श्रीनिवास मूर्ति ने बताया कि केंद्र का औपचारिक उद्घाटन सुबह 11 बजे आयोजित समारोह में किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे और केंद्र का उद्घाटन करने के साथ उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।
श्रीनिवास मूर्ति ने बताया कि समारोह में देशभर के विद्या भारती विद्यालयों के प्रमुख एवं अखिल भारतीय महामंत्री देशराज जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि माधव योगाश्रम प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का उद्देश्य लोगों को भारतीय जीवनशैली और पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि केंद्र में योग, प्राणायाम, मुद्रा, एक्यूप्रेशर और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी पद्धतियों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। इन पद्धतियों के नियमित अभ्यास और भारतीय जीवनशैली को अपनाने के संबंध में भी लोगों को जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
श्रीनिवास मूर्ति ने बताया कि वह मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले हैं और वर्ष 2001-02 से हिमाचल प्रदेश में रहकर विभिन्न सामाजिक एवं योग गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र में लोगों को योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा से संबंधित जानकारी और प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर विभिन्न प्रकार के प्रभाव पड़ रहे हैं। ऐसे में योग, प्राणायाम और प्राकृतिक जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से केंद्र के उद्घाटन समारोह में शामिल होने और परिसर का अवलोकन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केंद्र लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और भारतीय जीवन पद्धति को अपनाने की दिशा में एक प्रयास है।