जिले में एलपीजी गैस की बुकिंग और नए कनेक्शन को लेकर नियमों में बदलाव किया गया है। जिला नियंत्रक श्रवण कुमार ने बताया कि अब शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं के लिए गैस रिफिल बुकिंग की समय-सीमा 25 दिन निर्धारित की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी, क्योंकि पहले उन्हें रिफिल बुक करवाने के लिए 45 दिन का अंतर रखना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में गैस कंपनियों की ओर से नए घरेलू एलपीजी कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं। इसके चलते सोलन में बाहर से आने वाले छात्रों, प्रवासियों और अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस एजेंसियों पर एफटीएल यानी फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है।
एफटीएल सिलेंडर 10 किलोग्राम क्षमता का फाइबर सिलेंडर है, जिसे कमर्शियल श्रेणी के तहत उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसे लेने के लिए उपभोक्ता को पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके लिए अलग से घरेलू गैस कनेक्शन की प्रक्रिया की आवश्यकता नहीं होगी। सिलेंडर की रिफिल करवाते समय डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड यानी डीएसी की भी जरूरत नहीं होगी।
जिला नियंत्रक के अनुसार पहली बार एफटीएल सिलेंडर लेने पर इसकी कुल कीमत करीब 4500 रुपये है, जबकि 10 किलोग्राम सिलेंडर की रिफिलिंग का खर्च करीब 1360 रुपये निर्धारित है। जिन लोगों को तत्काल गैस की आवश्यकता है, वे अपनी नजदीकी गैस एजेंसी से इस विकल्प के बारे में जानकारी ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि सोलन जिले में फिलहाल एलपीजी की आपूर्ति सामान्य और नियमित है। जिले में गैस आपूर्ति को लेकर कोई बड़ी शिकायत सामने नहीं आई है। यदि किसी उपभोक्ता को आपूर्ति या बुकिंग से संबंधित समस्या आती है तो शिकायत मिलने पर उसका निवारण किया जा रहा है। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित गैस एजेंसी या विभाग को सूचित करें।