प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भाजपा सोलन शहरी मंडल की ओर से युवा मोर्चा के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता और डॉ. राजेश कश्यप ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
भाजपा सोलन शहरी मंडल के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने तथा उनकी राष्ट्र प्रथम की भावना को समर्पित होकर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा माह मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के साथ केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन सेवा गतिविधियों की कड़ी में किया गया है। शिविर के दौरान मां शूलिनी और स्थानीय देवी-देवताओं के चरणों में नमन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई।
वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश के प्रति विशेष लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी प्रदेश को आवश्यकता पड़ी, केंद्र सरकार की ओर से विभिन्न स्तरों पर सहयोग प्रदान किया गया है। भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के लिए भाजपा सोलन शहरी मंडल ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं, महर्षि मार्कंडेश्वर यूनिवर्सिटी (एमएमयू) से पहुंची चिकित्सकों की टीम तथा अन्य सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा माह के तहत 17 अक्टूबर तक विभिन्न सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सोलन : पीएम मोदी के जन्मदिवस पर सोलन में रक्तदान शिविर, 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा माह