सोलन : रुका वेतन जारी करने की मांग को लेकर मजदूरों का प्रदर्शन जारी, AITUC ने प्रबंधन पर लगाए आरोप

संस्थान में कथित अनुचित श्रम नीतियों और श्रम कानूनों के उल्लंघन के विरोध में मजदूरों का प्रदर्शन लगातार जारी है। मजदूरों ने प्रबंधन से उनका लंबित वेतन जल्द जारी करने की मांग उठाई है। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने एकजुटता दिखाते हुए इंकलाब जिंदाबाद और आवाज दो, हम एक हैं के नारे लगाए।
AITUC के कोषाध्यक्ष अनूप पाराशर ने आरोप लगाया कि संस्थान में वर्तमान में श्रम कानूनों की खुले तौर पर अनदेखी की जा रही है, जो अनुचित श्रम प्रथा के दायरे में आता है। उन्होंने कहा कि मजदूर लंबे समय से अपनी मेहनत की कमाई मिलने का इंतजार कर रहे हैं और प्रबंधन को उनकी समस्या का जल्द समाधान करना चाहिए।
अनूप पाराशर ने कहा कि मजदूरों की मांग स्पष्ट है। यदि प्रबंधन उनका रुका हुआ वेतन जारी कर देता है तो मजदूर तत्काल काम पर लौटने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मजदूर संस्थान का काम बाधित नहीं करना चाहते, लेकिन उन्हें उनकी मेहनत का पैसा मिलना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों ने भी हस्तक्षेप किया था। पंचायत प्रतिनिधियों की ओर से सोमवार तक समाधान का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन अभी तक मजदूरों को उनका बकाया वेतन नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि मध्यस्थता के बावजूद समस्या का समाधान न होना चिंता का विषय है।
AITUC कोषाध्यक्ष ने प्रबंधन से अपील की कि वह मजदूरों की मांगों पर गंभीरता से विचार करे और बातचीत के लिए आगे आए। उन्होंने कहा कि टेबल पर बैठकर आपसी बातचीत के माध्यम से विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सकता है। इससे संस्थान का काम भी सुचारू रूप से चलता रहेगा और मजदूरों को उनका हक मिल सकेगा।
मजदूरों ने स्पष्ट किया कि वे अपने अधिकारों और मेहनत की कमाई के लिए संघर्ष जारी रखेंगे। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों की एकजुटता देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *