विजय फोरम की ओर से पिछले वर्षों की भांति इस वर्ष भी सोलन के द मॉल स्थित मुरारी मार्केट में विशाल रफी नाइट का आयोजन किया जाएगा। विजय फोरम के चेयरमैन तरसेम भारती ने बताया कि विजय फोरम सीजन-11 के ऑडिशन का आगाज 30 अगस्त को गुरु की नगरी पांवटा साहिब से होगा। पांवटा साहिब के सिरक होटल में आयोजित होने वाले ऑडिशन में गायन और नृत्य दोनों श्रेणियों के लिए प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब के बाद प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भी ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे। इनमें सोलन, शिमला और अर्की सहित अन्य क्षेत्र शामिल हैं। ऑडिशन के माध्यम से प्रतिभाशाली बच्चों, युवाओं और अन्य आयु वर्ग के लोगों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध करवाया जाएगा।
तरसेम भारती ने बताया कि विजय फोरम की ओर से हर वर्ष समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष भी ऐसे लोगों को विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों के लिए नकद पुरस्कार की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि विजय फोरम के मंच से निकलकर इंडियन आइडल तक पहुंचे कलाकारों से भी संपर्क किया जा रहा है। प्रयास है कि ये कलाकार कार्यक्रम में पहुंचकर प्रतिभागियों और बच्चों का मार्गदर्शन करें तथा उन्हें प्रोत्साहित करें।
चेयरमैन ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। अलग-अलग आयु वर्ग के प्रतिभागी इसमें हिस्सा ले सकेंगे। बच्चों और युवाओं के साथ बुजुर्ग भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।
प्रतिभागियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन ऑडिशन का विकल्प भी रखा गया है। जो लोग निर्धारित स्थान पर ऑडिशन देने नहीं पहुंच सकते, वे अपना वीडियो बनाकर व्हाट्सऐप के माध्यम से संस्था को भेज सकते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों की तरह इस बार भी कार्यक्रम को भव्य रूप से आयोजित करने की तैयारियां की जा रही हैं।