सोलन एपीएमसी में 1.62 करोड़ से बनेगा तीसरा ऑक्शन प्लेटफॉर्म, लहसुन और सेब व्यापारियों को मिलेगी राहत

सोलन कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) में जगह की कमी दूर करने और मंडी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। एपीएमसी सोलन के चेयरमैन रोशन ठाकुर ने बताया कि मंडी में व्यापारियों और किसानों की सुविधा के लिए तीसरे ऑक्शन प्लेटफॉर्म का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाला यह प्लेटफॉर्म अगले सीजन से पहले तैयार करने का लक्ष्य है।
रोशन ठाकुर ने बताया कि वर्तमान में मंडी में जगह की कमी के कारण एक ऑक्शन प्लेटफॉर्म पर दो से तीन सेब व्यापारियों को काम करना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए जिला उपायुक्त से भूमि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया था। इसके बाद एपीएमसी को करीब दो बीघा भूमि आवंटित की गई। इसी भूमि पर तीसरे ऑक्शन प्लेटफॉर्म का निर्माण किया जा रहा है। नए प्लेटफॉर्म में करीब 10 से 13 ऑक्शन की व्यवस्था होगी।
उन्होंने बताया कि सोलन में लहसुन का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। नए प्लेटफॉर्म के एक हिस्से को लहसुन व्यापारियों के लिए आरक्षित करने की योजना है, जबकि दूसरे हिस्से में सेब का कारोबार किया जाएगा। इससे व्यापारियों को पर्याप्त स्थान मिलने के साथ मंडी में व्यवस्थाएं भी बेहतर होंगी।
इसके अलावा एपीएमसी मुख्य भवन की मरम्मत और रेलिंग लगाने का कार्य 27.62 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। परवाणू की पुरानी एपीएमसी इमारत की छत और रखरखाव पर 39.89 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। अर्की रेस्ट हाउस का 15 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जा रहा है।
मंडी में शौचालय सुविधाओं को भी बढ़ाया जा रहा है। नए शौचालय के निर्माण से क्षमता दोगुनी होने की उम्मीद है। वहीं श्रमिकों के लिए लेबर शेड और वंचित व्यापारियों के लिए कार्यालय बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है, जिसे मंजूरी के लिए शिमला भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *