सोलन : टमाटर और शिमला मिर्च के दाम गिरे, किसानों पर आर्थिक संकट गहराया

सोलन सब्जी मंडी में टमाटर और शिमला मिर्च के दामों में भारी गिरावट से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मंडी के दुकान संख्या 10 के संचालक एवं कारोबारी सचिन ठाकुर ने बताया कि बाहरी राज्यों से भारी मात्रा में सब्जियों की आवक होने के कारण स्थानीय किसानों को उनकी उपज का उचित दाम नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने बताया कि नासिक में टमाटर की बंपर फसल होने के कारण वहां से बड़ी मात्रा में माल बाजार में पहुंच रहा है। सोलन मंडी में नासिक के टमाटर के भाव करीब 200 से 350 रुपये तक बने हुए हैं। वहीं, हिमाचल के स्थानीय टमाटर को करीब 250 रुपये तक के दाम मिल रहे हैं। हल्की गुणवत्ता का टमाटर 100 से 200 रुपये तथा प्रीमियम गुणवत्ता का टमाटर 300 से 500 रुपये तक बिक रहा है।
सचिन ठाकुर के अनुसार, नासिक से लगातार हो रही भारी आवक के चलते निकट भविष्य में टमाटर के दामों में तेजी की संभावना कम है। वहीं, शिमला मिर्च के दाम भी पिछले एक-दो सप्ताह से काफी नीचे चल रहे हैं। मंडी में शिमला मिर्च पांच से 26 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है।
हालांकि, लहसुन के दाम अपेक्षाकृत स्थिर हैं। बीते दिन मंडी में लहसुन करीब 190 रुपये के भाव पर बिका। व्यापारियों ने किसानों को लहसुन की तीन से चार श्रेणियों में बेहतर ग्रेडिंग कर मंडी लाने की सलाह दी है। उनका कहना है कि अच्छी ग्रेडिंग से किसानों को बेहतर दाम मिल सकते हैं। लगातार मंदी के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *