सोलन की सड़कों पर गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा, पूर्व प्रधान मदन हिमाचली ने PWD से की तुरंत मरम्मत की मांग

सोलन शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों की बदहाल स्थिति और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों को लेकर लोगों में रोष बढ़ता जा रहा है। नौणी पंचायत के पूर्व प्रधान मदन हिमाचली ने लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से सड़कों की जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है।
मदन हिमाचली ने कहा कि बरसात के कारण जिले के कई मार्गों की हालत खराब हुई है। सड़कों पर बने गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर लोक निर्माण विभाग के एसई, एक्सईएन और एसडीओ सहित संबंधित अधिकारियों के समक्ष मामला उठाया जा चुका है।
उन्होंने विशेष रूप से राजगढ़ मार्ग से डीसी कार्यालय और कॉलेज की ओर जाने वाली सड़क की खराब हालत पर चिंता जताई। कॉलेज के समीप चाची की कैंटीन के नीचे सड़क पर बने गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले इन गड्ढों को भरकर सड़क की मरम्मत की जानी चाहिए।
मदन हिमाचली ने कहा कि पहले शूलिनी मेले से पहले शहर और आसपास की सड़कों की मरम्मत कर गड्ढे भर दिए जाते थे। इस बार यह कार्य नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे आर्थिक कारण हो सकते हैं, लेकिन लोगों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मामले को लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के समक्ष भी उठाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन और विभाग से बरसात के दौरान सड़कों की नियमित निगरानी करने तथा संवेदनशील स्थानों पर तत्काल मरम्मत कार्य करवाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *