सोलन सब्जी मंडी में सब्जियों के दाम गिरे, सेब और लहसुन में तेजी

सोलन सब्जी मंडी में सोमवार को अधिकांश सब्जियों के दामों में गिरावट देखने को मिली, जबकि सेब और लहसुन के बाजार में तेजी का रुख बना रहा। मंडी के शॉप नंबर 15 के कारोबारी जतिन ने बताया कि आवक और गुणवत्ता के आधार पर विभिन्न फसलों के भाव में अंतर रहा।
बीन्स का बढ़िया माल 47 रुपये प्रति किलो तक बिका, जबकि सामान्य गुणवत्ता की बीन्स 20 से 40 रुपये किलो रही। टमाटर के भाव में भी गिरावट दर्ज की गई। हिमसोना टमाटर अधिकतम 500 रुपये प्रति क्रेट तक बिका। शिमला मिर्च का बाजार भी कमजोर रहा और गुणवत्ता के अनुसार इसके दाम 8 से 22 रुपये किलो तक रहे। डॉलर शिमला मिर्च 5 से 30 रुपये किलो के बीच बिकी।
अदरक के दामों में भी नरमी रही। नई अदरक 100 से 120 रुपये किलो और पुरानी अदरक 60 से 80 रुपये किलो तक बिकी। स्थानीय लाल अदरक का भाव 120 रुपये किलो रहा।
वहीं, मंडी में सेब की कम आवक के चलते इसके दामों में तेजी देखने को मिली। अच्छी गुणवत्ता और बड़े आकार के सेब की पेटी 3500 रुपये तक पहुंच गई। हालांकि, छोटे आकार के सेब की अधिक मात्रा वाली पेटियां 2000 रुपये से कम में बिकीं। गोल्डन सेब का भाव करीब 600 रुपये प्रति पेटी रहा।
लहसुन के बाजार में भी मजबूती बनी रही। 55 एमएम से अधिक आकार का बढ़िया सफेद लहसुन 190 से 200 रुपये किलो तक बिका, जबकि 4ए गुणवत्ता का लहसुन 180 रुपये किलो तक पहुंचा। सामान्य लहसुन का भाव 80 रुपये किलो से शुरू हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *