स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब सोलन ने मस्कुलर डिस्ट्रोफी अस्पताल में भर्ती विशेष बच्चों के साथ आजादी का पर्व मनाया। कार्यक्रम में बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें खुशियां बांटी गईं और छोटे-छोटे उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रोजेक्ट चेयरमैन विजय दुग्गल ने बताया कि देश की आजादी के 80 वर्ष पूरे होने पर भारतीय होने के साथ रोटेरियन होने पर भी गर्व महसूस होता है। उन्होंने कहा कि इस बार क्लब ने विशेष बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने का निर्णय लिया, ताकि उन्हें भी इस राष्ट्रीय पर्व की खुशियों में शामिल किया जा सके।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के विपुल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों के बीच इस तरह के कार्यक्रम उनके मनोबल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिससे माहौल खुशनुमा हो गया।
कार्यक्रम के दौरान सऊदी अरब से आई एक विशेष बच्ची ने अपने पिता के लिए भावुक गीत प्रस्तुत किया। गीत के माध्यम से उसने अपने पिता के प्रति प्रेम और उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इसके बाद बच्ची ने अपने पिता को मंच पर बुलाया। यह भावुक पल देखकर कार्यक्रम में मौजूद रोटरी क्लब के सदस्यों की आंखें नम हो गईं।
रोटरी क्लब सदस्यों ने बच्चों को उपहार भेंट किए और उनके साथ समय बिताया। विजय दुग्गल ने समाज के लोगों से विशेष बच्चों और उनके परिवारों के साथ अधिक समय बिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन बच्चों के साथ बातचीत करना, खेलना और उनका उत्साह बढ़ाना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास इन बच्चों के जीवन में बड़ी खुशी ला सकते हैं।