युवाओं को नशाखोरी और साइबर अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों से बचाने के उद्देश्य से लायंस क्लब सोलन वैली ने विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम में शहर के 8 से 9 स्कूलों के 300 से अधिक छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर नशा और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) दिव्यांशु सिंघल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में डिजिटल सुरक्षा और नशे से दूरी दोनों ही युवाओं के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक हैं।
लायंस क्लब सोलन वैली के अध्यक्ष रविंद्र बाब ने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज को ड्रग अब्यूज तथा साइबर अपराध के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सही मार्गदर्शन देकर ही समाज को इन बुराइयों से बचाया जा सकता है। उन्होंने सभी से जागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील करते हुए “जय लायनिज्म, जय भारत” का संदेश दिया।
क्लब के पीआरओ विनीत राय सूद ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन एसपी सोलन टी. साईं दत्तात्रेय वर्मा और जिला पुलिस के सहयोग से किया गया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब भविष्य में भी समाजहित से जुड़े ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा, ताकि युवा पीढ़ी सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बन सके।
सोलन में नशाखोरी और साइबर अपराध के खिलाफ लायंस क्लब की मुहिम, 300 से अधिक छात्र व एनसीसी कैडेट्स हुए जागरूक