सोलन के नए अस्पताल का 30 अक्टूबर तक होगा लोकार्पण, सितंबर से सड़कों की टायरिंग शुरू: डॉ. धनीराम शांडील

प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडील ने कहा कि सोलन में विकास कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नए अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और लक्ष्य रखा गया है कि 30 अक्टूबर तक अस्पताल का लोकार्पण कर दिया जाए।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि वह स्वयं प्रत्येक माह निर्माणाधीन अस्पताल का निरीक्षण करते हैं और कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी समय-समय पर अस्पताल निर्माण की जानकारी लेते रहते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो महीनों में निर्माण कार्य पूरी तरह समाप्त हो जाएगा और लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से युक्त नया अस्पताल समर्पित कर दिया जाएगा।
डॉ. शांडील ने सड़कों की स्थिति पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि संबंधित कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि पहले ही जारी की जा चुकी है। हालांकि वर्तमान में लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कों पर टायरिंग करना उचित नहीं है। ऐसे में फिलहाल गड्ढों को भरने और सड़क की लेवलिंग का कार्य किया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सितंबर माह से सड़कों की टायरिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। इससे नई सड़कें अधिक टिकाऊ रहेंगी और बारिश के कारण दोबारा क्षतिग्रस्त होने की संभावना भी कम होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है तथा जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *